रुद्रप्रयाग। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित विशेष अभियान 6.0 के तहत जनपद में स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। दो अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चल रहे इस अभियान के अंतर्गत वन स्टॉप सेंटर और मिशन शक्ति की संयुक्त टीम ने बाल विकास परियोजना अगस्त्यमुनि, आंगनवाड़ी केंद्र सच्चिदानंद नगर तथा जूनियर स्कूल खुरड़ में स्वच्छता अभियान चलाया।

कार्यक्रम के दौरान संबंधित परिसरों में साफ-सफाई की गई और लोगों को स्वच्छता का महत्व बताते हुए अपने आसपास स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने और इसके प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बच्चों एवं शिक्षकों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए समाज, शिक्षकों, अभिभावकों और समुदाय की सामूहिक भागीदारी बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रंजना गैरोला भट्ट, मिशन शक्ति की जेंडर विशेषज्ञ प्रियंका उछोली, सहायक लेखाकार प्रियांशु और सुरक्षाकर्मी रश्मि सहित बाल विकास परियोजना अगस्त्यमुनि की सभी पर्यवेक्षक एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।
इस संयुक्त अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के साथ ही बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने और बच्चों के सुरक्षित, शिक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संदेश दिया गया।
