रुद्रप्रयाग। प्रदेश सरकार के ‘जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत संचालित ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के अंतर्गत विकासखंड जखोली के ग्राम जखोली (बड़मा) में चौपाल आयोजित की गई। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

चौपाल की अध्यक्षता अपर निदेशक गढ़वाल मंडल पौड़ी डॉ. बीएस जंगपांगी ने की। इस दौरान पशुपालन विभाग के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत तथा राजकीय पशु चिकित्सालय मुनादेवल के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुमित गोड़ियाल सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। अपर निदेशक डॉ. जंगपांगी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय योजनाओं की जानकारी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने और ग्रामीणों को सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया।

चौपाल में पशुपालन विभाग की ओर से पशुपालकों को विभागीय योजनाओं, पात्रता की शर्तों और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा के नेतृत्व तथा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी रुद्रप्रयाग के निर्देशों के क्रम में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुमित गोड़ियाल ने ग्रामीणों को पशुपालन विभाग की विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पशुपालकों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाकर पशुपालन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।

चौपाल का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना और विभागीय सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों और विभागीय अधिकारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

