प्रोजेक्ट स्नेह के तहत राष्ट्रीय इंटर कॉलेज चोपड़ा में जागरूकता कार्यक्रम, बाल विवाह, गुड टच-बैड टच और मासिक धर्म स्वच्छता पर विशेषज्ञों ने किया जागरूक,

रुद्रप्रयाग। बालिकाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में प्रोजेक्ट स्नेह के तहत राष्ट्रीय इंटर कॉलेज चोपड़ा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को न केवल अपने अधिकारों की जानकारी दी गई, बल्कि उन्हें किसी भी तरह के शोषण, उत्पीड़न और साइबर अपराध के खिलाफ आवाज उठाने के लिए भी प्रेरित किया गया। विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि जागरूकता, सही जानकारी और समय पर सहायता बालिकाओं को सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी सुश्री शैली प्रजापति ने बालिकाओं को पौष्टिक आहार और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को अपनी समस्याओं को छिपाने के बजाय परिवार, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों के साथ साझा करना चाहिए, ताकि समय रहते उचित समाधान किया जा सके।
वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक श्रीमती रंजना गैरोला भट्ट ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और साइबर अपराधों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में संबंधित विभाग से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
चिकित्सक डॉ. मेधावी राणा ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलावों, मासिक धर्म स्वच्छता और संतुलित पोषण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर सही जानकारी रखने और व्यक्तिगत स्वच्छता को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की आवश्यकता बताई।

बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती रोशनी रावत ने बाल संरक्षण इकाई की भूमिका और बच्चों की सुरक्षा एवं कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। बाल कल्याण समिति की सदस्य श्रीमती पूजा त्रिवेदी ने बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों तथा गुड टच और बैड टच के बारे में समझाया। उन्होंने कहा कि किसी भी असहज परिस्थिति को नजरअंदाज करने के बजाय विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देना जरूरी है।
सुपरवाइजर श्रीमती रागिनी जोशी ने नंदा गौरा योजना के उद्देश्य, पात्रता और लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में सुपरवाइजर श्रीमती पुष्पा खत्री, विद्यालय की प्रधानाचार्य, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
सुरक्षित बचपन और सशक्त भविष्य पर जोर
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को जागरूक बनाकर उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग करना रहा। प्रोजेक्ट स्नेह के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और कानूनी अधिकारों से जुड़ी जानकारी देकर बालिकाओं को इस दिशा में प्रोत्साहित किया जा रहा है कि वे किसी भी समस्या का सामना अकेले न करें, बल्कि समय पर उचित सहायता प्राप्त करें।
