रुद्रप्रयाग। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को अधिक लाभकारी बनाने और पशुपालकों को विभागीय योजनाओं से जोड़ने की दिशा में पशुपालन विभाग ने पहल की है। इसी क्रम में राजकीय पशु चिकित्सालय अगस्त्यमुनि की ओर से ग्राम रुमसी में पशुपालक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 24 पशुपालकों ने प्रतिभाग कर पशुधन के बेहतर रखरखाव, उन्नत पशुपालन तकनीकों और विभागीय सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। प्रतिभागियों में 10 महिलाएं भी शामिल रहीं।

पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा के नेतृत्व तथा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत के निर्देश पर आयोजित शिविर में पशुपालकों को पारंपरिक तरीकों के साथ वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विभागीय टीम ने पशुपालन से संबंधित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी देते हुए टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान और पशुधन के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया।

बीमार पशुओं की जांच कर मौके पर दिया उपचार
शिविर का मुख्य उद्देश्य पशुधन को स्वस्थ रखने के साथ पशुपालकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। इस दौरान बीमार पशुओं की जांच कर उनका उपचार किया गया और जरूरत के अनुसार दवाइयां एवं औषधियां वितरित की गईं। पशुओं को बेहतर पोषण देने और दुग्ध उत्पादन में सुधार लाने के उद्देश्य से मिनरल मिक्सचर, कैल्शियम सहित विभिन्न फीड सप्लीमेंट्स भी पशुपालकों को उपलब्ध कराए गए।

इसके अतिरिक्त पशुओं के लिए पौष्टिक चारे की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से 25 किलोग्राम जई चारा बीज वितरित किया गया। विभागीय पहल से पशुपालकों को एक ही स्थान पर उपचार, पोषण संबंधी सामग्री और पशुपालन योजनाओं की जानकारी मिली।
शिविर में ग्राम प्रधान रुमसी सहित ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दीपमणि गुप्ता, वैक्सीनेटर सनोज कुमार, पशुधन सहायक गीता देवी सहित अन्य मौजूद रहे।
