गुप्तकाशी/रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र भीमचूला में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीमान्त अनुश्रवण परिषद के दर्जाधारी राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, बच्चों का अन्नप्राशन, लक्ष्मी किट वितरण सहित विभिन्न पोषण संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में ‘अम्मा की रसोई’ के तहत स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही मोटे अनाज से तैयार व्यंजनों और रंगोली के माध्यम से पोषण एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों के महत्व का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि चंडी प्रसाद भट्ट ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए पोषण पहली प्राथमिकता है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ती उपासना सेमवाल को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और केंद्र पर किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।
नगर पंचायत अध्यक्ष विशेश्वरी देवी ने बच्चों को संतुलित आहार की जानकारी देते हुए कार्यक्रम की सराहना की। पूर्व ब्लॉक प्रमुख ममता नौटियाल सहित अन्य अतिथियों ने भी आंगनबाड़ी केंद्र के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कार्यकर्ती को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए।
परियोजना अधिकारी देवेश्वरी कुंवर ने ग्रामीणों एवं लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किशोरी बालिकाओं को डायरी वितरित की तथा कार्यकर्ती उपासना सेमवाल को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष किरण शुक्ला, महिला मोर्चा महामंत्री सीमा असवाल, सभासद निशा देवी, राकेश भंडारी, सेक्टर की आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां, सुपरवाइजर ममता एवं मंतलेष सहित ग्रामीण और लाभार्थी मौजूद रहे।

